Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिनियम से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप समय पर आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याण से संबंधित विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने तथा विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति की बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी प्रगति से समय-समय पर समिति को अवगत कराया जाए। बैठक में समिति के सदस्य नरेंद्र प्रसाद टम्टा गेंदा लाल टम्टा हरीश चंद्र अंकित घाघट उपनिरीक्षक प्रवीण रावत एडीएसटीओ रणजीत रावत एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मनोज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp