Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ढालवाला क्षेत्र में टिहरी पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी और अवैध अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को बाधारहित बनाया गया जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यात्रा मार्गों को हर हाल में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखा जाएगा। इस दौरान ढाबा होटल और भोजनालय संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने निर्धारित दरों पर ही खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध न करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। पुलिस और प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए यात्रा को सुरक्षित सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दें। टिहरी पुलिस ने आमजन व्यापारियों और श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा सुरक्षा और सहयोग का पर्व है। सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *