Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम हरिद्वार ने प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ गुरुवार को बड़ा बाजार स्थित ठंडा कुआं क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान न्यू चड्ढा जनरल स्टोर से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक की चटाइयां बरामद कर जब्त की गईं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण भंडारण परिवहन बिक्री और उपयोग के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि इससे पहले घाट क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक चटाइयों एवं अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री की बिक्री की जांच की गई थी। जांच के दौरान नगर निगम टीम ने इन सामग्रियों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाया, जिसमें न्यू चड्ढा जनरल स्टोर को चिन्हित किया गया। इसके बाद गुरुवार को संबंधित प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई जहां से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में बरामद प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया। मौके पर विरोध एवं व्यवधान की स्थिति को देखते हुए तत्काल चालान करने के बजाय संबंधित व्यापारी को नोटिस जारी किया गया है। नियमानुसार उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। उप नगर आयुक्त ने कहा कि शासन द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण भंडारण परिवहन बिक्री एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। नियमों के उल्लंघन पर निर्माता पर पांच लाख रुपये परिवहनकर्ता पर दो लाख रुपये, खुदरा विक्रेता या विक्रेता पर एक लाख रुपये तथा व्यक्तिगत उपयोग करने पर 100 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान दोबारा नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उस पर निर्धारित जुर्माने का दोगुना अर्थदंड लगाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का भंडारण एवं बिक्री नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल पुलिस बल एवं नगर निगम की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp