Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यदायी संस्था पेयजल निगम युवा कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित हितधारकों के साथ परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने परियोजना को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि रविग्राम मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 9.48 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है जिसके सापेक्ष 3 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। प्रस्तावित परियोजना के तहत 95×42 मीटर क्षेत्रफल में चार लेन का सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। इसके साथ ही ट्रैक के मध्य भाग में विभिन्न खेलों के लिए इनफील्ड कोर्ट कार्यालय भवन चेंजिंग रूम तथा अन्य आवश्यक खेल अवसंरचनाओं का भी निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्टेडियम से संबंधित सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और प्रचलित नियमों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ किए जाएं ताकि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने उपजिलाधिकारी जोशीमठ को निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था एनटीपीसी तथा अन्य सभी संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इससे निर्माण कार्य में आने वाली तकनीकी आवश्यकताओं का समय रहते समाधान किया जा सके और परियोजना को शीघ्र गति मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल अवसंरचना के विकास से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। बैठक में उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र द्विवेदी ऋषि प्रसाद सती प्रवेश डिमरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *