Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय चयन ट्रायल एवं प्रतियोगिताओं को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। जिला खेल अधिकारी दीपक रावत ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों को नई तिथियों की सूचना अलग से जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत जनपद में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 उदीयमान खिलाड़ियों जिनमें 150 बालक और 150 बालिकाएं शामिल हैं के चयन के लिए 29 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक बौराड़ी स्टेडियम नई टिहरी में जिला स्तरीय चयन ट्रायल प्रस्तावित थे। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जानी है। 29 जुलाई को 8-9 वर्ष तथा 9-10 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के चयन ट्रायल आयोजित होने थे लेकिन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा भारी से अत्यधिक भारी वर्षा गर्जन और आकाशीय बिजली की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित होने के कारण उस दिन प्रस्तावित प्रतियोगितियां स्थगित कर दी गई थीं। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के सभी जिला स्तरीय चयन ट्रायल एवं प्रतियोगिताओं को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयन ट्रायल एवं प्रतियोगिताओं की नई तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp