Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली सिडकुल पुलिस ने जिला बार एसोसिएशन सभागार कचहरी परिसर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान और 28 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी पहले से ही जिला कारागार रोशनाबाद में निरुद्ध है। जानकारी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को जिला बार एसोसिएशन रोशनाबाद कचहरी के सचिव विपिन चंद द्विवेदी ने कोतवाली सिडकुल में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों द्वारा कचहरी परिसर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी के अंदर से एल्युमिनियम ग्लास एवं विद्युत सामग्री चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना सिडकुल पुलिस द्वारा घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल जांच के आधार पर चार संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जो थाना ज्वालापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। जांच के दौरान सामने आया कि इनमें से एक आरोपी पंकज राठौर पुत्र विनोद कुमार निवासी गूगाल रोड पांडेवाला ज्वालापुर पहले से ही थाना ज्वालापुर में दर्ज मुकदमे में जिला कारागार रोशनाबाद में निरुद्ध है। वहीं अन्य तीन आरोपियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया जहां उन्होंने 21 जुलाई 2026 को जिला बार एसोसिएशन कचहरी परिसर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बागोवाली ज्वालापुर के पास झाड़ियों से सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे 15 बिजली के तार के डिब्बे बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए अन्य सामान को उन्होंने राह चलते लोगों को बेच दिया था और उससे प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी आदिल के पास से 11 हजार रुपये गुलफाम के पास से 8 हजार रुपये और आवेश के पास से 9 हजार रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में चोरी से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी आदिल पुत्र उमर शाद निवासी मोहल्ला घोसीयान थाना ज्वालापुर जनपद हरिद्वार। गुलफाम पुत्र विव्वा उर्फ हबीब निवासी मोहल्ला पावधोई थाना ज्वालापुर जनपद हरिद्वार। आवेश पुत्र रिजवान निवासी मोहल्ला घोसीयान थाना ज्वालापुर जनपद हरिद्वार। घटना में शामिल अन्य आरोपी
पंकज राठौर पुत्र विनोद कुमार निवासी गूगाल रोड पांडेवाला थाना ज्वालापुर जनपद हरिद्वार जो वर्तमान में जिला कारागार रोशनाबाद में निरुद्ध है। बरामदगी 15 अदद बिजली के तार के डिब्बे 28 हजार रुपये नकद पुलिस टीम थानाध्यक्ष सिडकुल अजय शाह उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान चौकी प्रभारी कोर्ट हेड कांस्टेबल सोहन सिंह राणा एवं कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp