Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता लगातार मुस्तैदी से तैनात है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रा को सुरक्षित व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। मंदिर परिसर पार्किंग स्थलों पैदल यात्रा मार्गों भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ता लगातार एंटी सबोटाज चेकिंग और व्यापक सुरक्षा निरीक्षण कर रहा है। पुलिस बल के साथ समन्वय बनाकर टीम हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। यदि किसी भी स्थान पर कोई लावारिस वस्तु संदिग्ध बैग पैकेट वाहन या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसे स्वयं छूने खोलने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट कंट्रोल रूम अथवा पुलिस हेल्प डेस्क को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सतर्कता और सहयोग सुरक्षित एवं सफल कांवड़ यात्रा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp