प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित 23 जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता मिलन के दौरान तहसील पौड़ी के ग्राम थापली में पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारी को शिकायतकर्ताओं के साथ तत्काल गांव जाकर समस्या का यथासंभव समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अन्य शिकायतों को भी गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने कई मामलों का मौके पर निस्तारण कराया तथा शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ई-ऑफिस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद स्वजल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा और कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जनता मिलन कार्यक्रम में कल्जीखाल के ग्राम पल्ली तल्ली निवासी जयवीर सिंह रावत ने उरेडा की सोलर स्ट्रीट लाइटें बंद होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी उरेडा को एमओयू के प्रावधानों के अनुसार सोलर स्ट्रीट लाइटों की जांच कर संबंधित फर्म से शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं पोखरी के खड़खोला निवासी अंकित कुमार भटगांई ने नवनिर्मित आवास में विद्युत लाइन एवं संयोजन स्थापित करने में हो रही देरी की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को एक पखवाड़े के भीतर लाइन बिछाकर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जनता मिलन कार्यक्रम के अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जनदर्शन पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। विकासखंड पौड़ी के ग्राम थली निवासी शकुन्तला देवी की वृद्धावस्था पेंशन संबंधी शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एक अगस्त 2026 को उनकी पेंशन स्वीकृत कर सुचारु कर दी गई। इसी प्रकार विकासखंड द्वारीखाल के चमालीगांव निवासी मातबर सिंह द्वारा गांव के पैदल मार्ग निर्माण संबंधी शिकायत पर क्षतिग्रस्त मार्ग को वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया गया। वहीं ग्राम कण्डारा पट्टी पैड़ुलस्यूं निवासी हुकुम सिंह द्वारा स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु करा दी गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
