Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। युवा शक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माई भारत (एमवाई भारत) टिहरी गढ़वाल द्वारा शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर नई टिहरी में जिला स्तरीय नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने अभियान की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इस जनजागरूकता अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए चित्रकला काव्य पाठ रील मेकिंग समूह नृत्य समूह गायन नुक्कड़ नाटक स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न माध्यमों से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक रचनात्मक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में लगाएं जिससे समाज को नई दिशा मिल सके। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने नशे के सामाजिक मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से कला साहित्य खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बी.डी.कुनियाल वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ.शंकर लाल एनएसएस अधिकारी पी.सी.उनियाल माई भारत टिहरी गढ़वाल की टीम शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समापन अवसर पर सभी आठ प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं एवं अतिथियों ने देश को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लेते हुए नशा मुक्ति की शपथ भी ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *