Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमों ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सेवा-भाव का परिचय दिया। नीलकंठ महादेव मंदिर के पैदल मार्ग पर तोली मंदिर गेट के सामने नेपाल से दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सुरक्षित स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार नेपाल निवासी महिला श्रद्धालु अनुपी देवी नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए पैदल मार्ग से जा रही थीं। इसी दौरान तोली मंदिर गेट के सामने उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। सूचना मिलते ही वहां तैनात पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए महिला श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार दिया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला श्रद्धालु को निकटवर्ती स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। पुलिस एवं एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और समय पर मिली सहायता के चलते महिला श्रद्धालु की स्थिति में जल्द सुधार हो गया। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार पैदल मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता तथा आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *