Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। चिकित्सा शिक्षा निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पुनः मिलने के बाद डॉ.आशुतोष सयाना ने माँ धारी देवी के पावन धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनकल्याण की कामना करते हुए देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ.सयाना ने कहा कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत जब माँ धारी देवी के आशीर्वाद से होती है तो सेवा का संकल्प और भी मजबूत हो जाता है। मेरी प्राथमिकता प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय में मरीजों के हित में जो व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं उन्हें निरंतर और बेहतर बनाया जाएगा। शासन स्तर पर मेडिकल कॉलेजों के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। डॉ.सयाना के कार्यकाल में श्रीनगर बेस चिकित्सालय में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए। अस्पताल की सफाई व्यवस्था चिकित्सा सेवाओं और एमबीबीएस छात्रों के शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा मिली। मरीजों को बेहतर एवं व्यवस्थित उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई। उनके नेतृत्व में बेस चिकित्सालय को एनएबीएच (NABH) की मान्यता प्राप्त होना संस्थान की एक बड़ी उपलब्धि रही। इसके अलावा चौरास परिसर में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान कराया गया। अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराई गई इमरजेंसी विभाग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया तथा मरीजों की सहायता के लिए मरीज सहायता संपर्क कार्यालय की स्थापना की गई। वार्डों से लेकर ओपीडी तक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित एवं मरीज-केंद्रित बनाया गया। डॉ.आशुतोष सयाना ने विश्वास व्यक्त किया कि माँ धारी देवी के आशीर्वाद शासन के सहयोग और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ.आशुतोष सयाना ने राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य के रूप में डॉ.सीएमएस रावत को पुनःजिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ.सीएमएस रावत एक अनुभवी कुशल एवं दूरदर्शी प्रशासक हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। चिकित्सा शिक्षा स्वास्थ्य सेवाओं शोध अधोसंरचना विकास और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ेगा। डॉ.सयाना ने कहा कि शासन के सहयोग तथा पूरे मेडिकल कॉलेज परिवार के सामूहिक प्रयासों से संस्थान प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करेगा तथा जनसेवा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। इस मौके पर दीपक उनियाल मनमोहन सिंधवाल राकेश जैन मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp