प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला पूर्ति विभाग की ओर से यात्रा मार्ग पर लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने गंगोत्री मार्ग स्थित शिव कांवड़ सेवा समिति नया बाजार दिल्ली द्वारा आनंदगढ़ (गाजणा) क्षेत्र में संचालित भंडारों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण निर्माण और परोसने की व्यवस्था स्वच्छता खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पेयजल की उपलब्धता रसोई की साफ-सफाई खाद्य सामग्री की वैधता खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आवश्यक लाइसेंस एवं अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। संयुक्त निरीक्षण में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रमोद रावत तथा जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बड़ोनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शिव कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों अशोक दिनेश परवीन और लकी ने बताया कि समिति पिछले 16 वर्षों से गंगोत्री मार्ग स्थित आनंदगढ़ (गाजणा) में कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारे का संचालन कर रही है। समिति चंबा क्षेत्र के 16 विद्यालयों के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराती है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को भोजन विश्राम और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं प्रदान करने के साथ आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। समिति के पदाधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि समिति का सेवा शिविर 24 जुलाई से 5 अगस्त तक संचालित रहेगा।
