Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने अपात्र प्रविष्टियों को हटाने प्राप्त प्रपत्रों के सत्यापन तथा जारी किए गए नोटिसों पर सुनवाई की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए तथा एसआईआर अभियान के तहत अपने-अपने स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है। प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों—घनसाली देवप्रयाग नरेंद्रनगर प्रतापनगर टिहरी और धनोल्टी में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4 लाख 63 हजार 628 प्रारूप मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान प्रारूप नामावली से 43 हजार 625 मतदाताओं के नाम हटाए गए जबकि बीएलओ द्वारा कुल 1 लाख 17 हजार 501 नोटिस जारी किए गए। इनमें से 92 हजार 473 नोटिस जो लगभग 79 प्रतिशत हैं संबंधित मतदाताओं तक वितरित किए जा चुके हैं। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जनपद में कुल 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई 3 अगस्त 2026 से तथा शेष दो विधानसभा क्षेत्रों में 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे। इसके अलावा 14 मई 2026 से अब तक जनपद में फॉर्म-6 के 3,085, फॉर्म-6ए के 3 फॉर्म-7 के 50 तथा फॉर्म-8 के 1,462 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि यदि उनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या उन्हें कोई दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी है तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करें ताकि उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुशील पाण्डेय मुरारी लाल खंडवाल गबर सिंह जयेन्द्र पंवार और राजेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *