Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में निर्वाचक नामावली के शुद्धीकरण और अद्यतन का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राणा ने रुद्रप्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या-159 घोलतीर का निरीक्षण कर नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और कर्मचारियों से नोटिसों के वितरण प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा उनकी सुनवाई की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित और अद्यतन तैयार की जा सके। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुनवाई प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि यदि उन्हें निर्वाचक नामावली से संबंधित कोई दावा या आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उसका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *