प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी और पारदर्शी संचालन को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों के पात्र मतदाताओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा बूथ स्तर पर निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो दोबारा नोटिस जारी किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसका चस्पा भी किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक कुल 63 हजार 347 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 21 हजार 900 थराली विधानसभा क्षेत्र में 19 हजार 935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 21 हजार 512 नोटिस शामिल हैं। निर्वाचन कार्यों को सुचारु रूप से संपादित करने के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जनपद में कार्यरत 633 बीएलओ के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक भी नामित किए गए हैं जो दावे और आपत्तियों की सुनवाई अभिलेखों के परीक्षण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। बैठक में उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती भारतीय जनता पार्टी के विनोद कुमार नेगी एवं राकेश जोशी कांग्रेस के मदन लोहनी आम आदमी पार्टी के अनूप रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
