Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के साथ लंबे समय से कूड़ा जमा रहने वाले चिन्हित हॉटस्पॉट और क्रॉनिक स्थलों की सफाई के उद्देश्य से 8 अगस्त को पूरे जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित यह अभियान सभी विकासखंडों नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में एक साथ संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित बैठक में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं छात्र-छात्राओं सिविल सोसायटी संगठनों तथा अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। बैठक में परियोजना निदेशक ने बताया कि जनपद में 15 से अधिक हॉटस्पॉट और क्रॉनिक कचरा स्थलों का चिन्हीकरण किया गया है जहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक न्याय पंचायत ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक चिन्हित स्थल के लिए नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उसे निकटतम कम्पेक्टर मशीन या निर्धारित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ वन क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोडिग्रेडेबल उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और प्रभावी चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को ट्रैकिंग रूट और वन क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा ताकि प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जीएसटी विभाग की चेकपोस्टों पर अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों की विशेष जांच की जाए और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्धारित कूड़ेदानों के अलावा अन्य स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार परियोजना निदेशक आनंद कुमार उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे नगर निकायों जिला पंचायत पंचायतीराज विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *