Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को त्वरित एवं निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सातवें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 21,596 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। वहीं यात्रा शुरू होने से अब तक 87,567 शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर उनका उपचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हरिद्वार कांवड़ यात्रा में पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से यात्रा मार्ग पर जरूरतमंद शिवभक्तों को मौके पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं जिससे आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp