Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमेली का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को हिंदी एवं अंग्रेजी विषय भी पढ़ाया तथा उनसे विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर का जायजा लेते हुए भोजन की गुणवत्ता स्वच्छता एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए ताकि उनके स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों को बेहतर बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्थापित चिल्ड्रन बैंक का भी अवलोकन किया। विद्यालय प्रबंधन और छात्रों द्वारा संचालित इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों में बचत की आदत सामाजिक उत्तरदायित्व और सहयोग की भावना विकसित करने का एक सराहनीय प्रयास है। विद्यालय के अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के सहयोग से संचालित इस चिल्ड्रन बैंक में सभी स्वेच्छा से योगदान करते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता की जाती है। चिल्ड्रन बैंक की कार्यप्रणाली और विद्यालय में नवाचार के प्रयासों से प्रभावित जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन करते हुए शिक्षकों से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp