Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए खंडित हुई कांवड़ के मामले का शांतिपूर्ण समाधान कराया। पुलिस ने शिवभक्त को हर की पैड़ी से गंगाजल उपलब्ध कराकर उसे सकुशल अपने गंतव्य के लिए रवाना किया। पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि छोटी-छोटी बातों पर उग्र न हों। पुलिस उनकी हर समस्या के समाधान के लिए हर स्तर पर तैयार है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से आस्था लेकर आने और जल लेकर जाने का संदेश भी दिया। पुलिस के अनुसार 07 अगस्त 2026 को लक्की पुत्र देवकरण निवासी मोहिद्दीनपुर गावड़ी थाना परतापुर जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश 51 लीटर की कांवड़ लेकर अपने भाइयों मणि आदि के साथ गंतव्य की ओर जा रहा था। नहर पटरी स्थित संतोषी माता मंदिर के पास राहुल पुत्र भोला निवासी पूर्वी अंबर तालाब रुड़की का हाथ लगने से लक्की की कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई और खंडित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड प्रमोद शर्मा और होमगार्ड पीसी सोकुमार मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन शिवभक्त आक्रोशित होने लगे। इसके बाद सूचना मिलने पर सेक्टर पुलिस अधिकारी उप निरीक्षक प्रमोद कुमार अपनी पुलिस टीम एवं एसपीओ मयंक गौतम के साथ मौके पर पहुंचे और शिवभक्तों को शांत कराते हुए पूरे मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण कराया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली रुड़की भेज दिया। वहीं हेड कांस्टेबल अरविंद के साथ शिवभक्त लक्की को हर की पैड़ी भेजकर गंगाजल उपलब्ध कराया गया जिसके बाद वह अपनी कांवड़ यात्रा पूरी करने के लिए गंतव्य की ओर रवाना हो गया। उत्तराखंड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए मौके पर मौजूद लोगों तथा शिवभक्तों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और हरिद्वार पुलिस की सराहना करते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp