प्रदीप कुमार
चमोली/गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को भव्य गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। इस अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम पूरे उत्साह अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित किए जाएं। बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को 15 अगस्त की प्रातः प्रभात फेरी आयोजित करने के निर्देश दिए। वन विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग को जनपदभर में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन विषयक जनजागरूकता तथा श्रमदान कार्यक्रम संचालित करने को कहा। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य आंदोलनकारियों के उत्तराधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने क्रीड़ा विभाग को 14 अगस्त को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित करने तथा सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व एवं उसके अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सरकारी कार्यालयों विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश परियोजना निदेशक आनंद कुमार उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजीव पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
