Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा की भारी भीड़ के बीच अपनी माता एवं मौसी से बिछड़े चार मासूम बच्चों को पुलिस टीम ने सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर माता एवं परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। शनिवार 8 अगस्त 2026 को चौकी जानकी सेतु के पास चार बालक अनमोल शिवम नैतिक एवं प्रशांत निवासी मंडोली दिल्ली अकेले और घबराई हुई अवस्था में मिले। पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें संरक्षण में लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। पूछताछ में बालकों ने बताया कि वे कांवड़ यात्रा की भारी भीड़ के दौरान अपनी माता एवं मौसी से बिछड़ गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम एवं खोया-पाया केंद्र द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। बालकों के संबंध में जानकारी व्हाट्सएप ग्रुपों पुलिस कंट्रोल रूम तथा विभिन्न खोया-पाया केंद्रों के माध्यम से प्रसारित की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न माध्यमों से परिजनों की तलाश की गई। लगातार प्रयासों और प्रभावी समन्वय के फलस्वरूप चारों बालकों के परिजनों का पता लगाया गया। इसके बाद सभी बालकों को सकुशल उनकी माता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर माता एवं अन्य परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से कांवड़ यात्रा के दौरान बिछड़े चारों मासूम अपने परिवार से सकुशल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *