प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लगातार हो रही बारिश एवं चमोली की नीति घाटी में तमक नाला उफान पर आने तथा पुल क्षतिग्रस्त होने की स्थिति को देखते हुए जनपद में अलकनंदा एवं गंगा नदी के किनारे विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बढ़ते जलस्तर और नदी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी के साथ आमजन एवं श्रद्धालुओं को जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से श्रीनगर एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा घाटों पर पुलिस टीमों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। इसके साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से आमजन एवं श्रद्धालुओं को नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को लेकर सतर्क किया जा रहा है। पुलिस की ओर से लोगों से नदी एवं घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। साथ ही नदी में न उतरने और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से पूरी तरह बचने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें और नदी-घाटों के आसपास किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लोगों को सतर्क करते हुए कहा गया है कि सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।
