प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। कांवड़ यात्रा में पहुंच रहे शिवभक्तों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग पर शिवभक्तों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही कांवड़ियों के नहाने के लिए भी जगह-जगह उचित व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी शिवभक्त को असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े। हरियाणा के पानीपत से कांवड़ यात्रा पर पहुंचे शिवभक्तों ने जिला प्रशासन और जिला पंचायत की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग पर नहाने के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। कांवड़ियों ने बताया कि नहाने की व्यवस्था अच्छी है और शौचालयों में साफ-सफाई भी बेहतर ढंग से की जा रही है। बेहतर व्यवस्थाओं के लिए कांवड़ियों ने जिला प्रशासन की दिल से प्रशंसा और सराहना की तथा अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि हरिद्वार के विभिन्न कांवड़ पड़ावों पर कांवड़ियों के लिए पर्याप्त मात्रा में शौचालय और नहाने की उचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। भीषण गर्मी और लंबी यात्रा के बीच नहाने की पर्याप्त सुविधाएं मिलने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा कांवड़ियों की सुविधा और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
