Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पवित्र कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों का स्वास्थ्य खराब होने अथवा किसी कारण से चोट लगने पर तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद में 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं जहां शिवभक्तों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ यात्रियों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के 12वें दिन सोमवार को विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचे 26 हजार 268 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 2 लाख 19 हजार 642 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मोबाइल यूनिट के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यात्रियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और समय-समय पर विश्राम करें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों एवं मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से शिवभक्तों को यात्रा मार्ग पर ही आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *