Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के 12वें दिन धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को 63 लाख 60 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से अब तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों में स्थित अपने-अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। डाक कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हरिद्वार में आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा यातायात स्वास्थ्य स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को लगातार बनाए रखने में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *