प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शासन के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में अभियान के दूसरे दिन सोमवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। रोशनाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय राजीव गांधी नवोदय विद्यालय शिकारपुर नेता सुभाष चंद्र आवासीय विद्यालय लालढांग कुंज बहादुर मोहितपुर भगवानपुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भगवानपुर एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रानीमाजरा में स्कूली छात्र-छात्राओं ने तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इन विद्यालयों में तिरंगा रैली का आयोजन भी किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खां ने बताया कि विकासखंड भगवानपुर के बाबू आशाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। इसके साथ ही खेड़ी शिकोहपुर के ग्रामीणों ने भी तिरंगा रैली निकालकर अभियान में सहभागिता की। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से भी विकासखंड भगवानपुर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल ने बताया कि विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत खाता खेड़ी एवं मेवाड़ खुर्द में ग्रामीणों तथा स्कूली छात्रों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। इसके अलावा मानक माजरा के ग्रामीणों ने भी तिरंगा रैली में प्रतिभाग किया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। तिरंगा रैली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
