Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रा के दौरान हरकी पैड़ी सहित गंगा घाटों पर शिवभक्त कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भारी वर्षा के बीच भी डाक कांवड़ियों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित जीरो ग्राउंड शंकराचार्य चौक पहुंचे और डाक कांवड़ियों के लिए की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों पुलिस जवानों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्री भारी संख्या में गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। सभी शिवभक्तों की यात्रा सकुशल संपन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारी एवं सुरक्षाबल व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं सुरक्षाबलों को अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ियों से भी गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान घाटों पर सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचते हुए अपनी यात्रा को सुरक्षित रूप से पूरा करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने जलभराव वाले क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक चंद्राचार्य चौक आदि क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारी वर्षा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बल पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी डाक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *