Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चौकी जानकी सेतु क्षेत्रांतर्गत पूर्णानंद घाट के पास एक महिला द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात जल पुलिस कर्मियों ने तत्काल सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए महिला की तलाश और रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की। मौके पर तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष ध्यानी कांस्टेबल संतोष कांस्टेबल वीरेंद्र और उप निरीक्षक पिंकी तोमर ने अदम्य साहस सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए गंगा नदी में छलांग लगाने वाली महिला को सकुशल रेस्क्यू कर बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद महिला को पूर्णानंद घाट से चौकी जानकी सेतु लाया गया। पुलिस ने महिला के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर तत्काल उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही महिला के पति और भाई चौकी जानकी सेतु पहुंचे। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि महिला की तबीयत खराब होने के कारण वह सुबह घर से निकल गई थीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया था। इसी दौरान चौकी जानकी सेतु से फोन प्राप्त होने पर वे तत्काल चौकी पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई और पहचान की पुष्टि के बाद टिहरी पुलिस ने महिला को सकुशल उनके पति और भाई के सुपुर्द कर दिया। महिला के परिजनों ने इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला की जान बचाने और उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुंचाने के लिए टिहरी पुलिस के जल पुलिस कर्मियों और चौकी जानकी सेतु पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा आभार व्यक्त किया। टिहरी पुलिस की सतर्कता साहस और त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई के चलते एक अमूल्य जीवन को बचाया जा सका। टिहरी पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ संकट की घड़ी में आमजन के जीवन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *