Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खोया-पाया केन्द्र जानकी सेतु ने अलग-अलग मामलों में बिछड़े तीन लोगों को सकुशल उनके परिजनों और साथियों से मिलाया। पहले मामले में कांवड़ यात्रा के दौरान हरदोई उत्तर प्रदेश निवासी करीब 50 वर्षीय व्यक्ति अपने साथी से बिछड़ गए थे। उन्हें खोया-पाया केन्द्र जानकी सेतु लाया गया। केन्द्र पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल उनके साथी से संपर्क किया और उन्हें केन्द्र पर बुलाया। आवश्यक सत्यापन और नियमानुसार कार्रवाई के बाद बिछड़े व्यक्ति को सकुशल उनके साथी के सुपुर्द कर दिया गया। दूसरे मामले में बुलंदशहर उत्तर प्रदेश निवासी 18 वर्षीय युवती और 13 वर्षीय किशोर नीलकंठ से वापस आते समय लक्ष्मण झूला क्षेत्र में अपने मामा से बिछड़ गए थे। दोनों सहायता के लिए खोया-पाया केन्द्र जानकी सेतु पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने तत्काल अथक प्रयास करते हुए दोनों के परिजनों की जानकारी प्राप्त की और उनके मामा से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद उन्हें खोया-पाया केन्द्र पर बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन और नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को सकुशल उनके मामा के सुपुर्द कर दिया गया। कांवड़ मेला-2026 के दौरान खोया-पाया केन्द्र जानकी सेतु श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सहायता केन्द्र के रूप में लगातार कार्य कर रहा है। पुलिस कर्मियों की ओर से बिछड़े श्रद्धालुओं की पहचान कर उनके परिजनों और साथियों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है तथा उन्हें सुरक्षित रूप से अपनों से मिलाने के लिए त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। टिहरी पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और सुविधा के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp