Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि देश की आन बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर आजादी के जश्न में भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को श्रीनगर और श्रीकोट में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के नेतृत्व में हजारों छात्र-छात्राओं युवाओं और महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का अद्भुत संदेश दिया। सुबह साढ़े सात बजे श्रीकोट पंप से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मेडिकल कॉलेज तक पहुंची जहां इसका समापन मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में हुआ। यात्रा में श्रीनगर नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में लहराते तिरंगे देशभक्ति के नारों और गीतों के बीच कदमताल करते विद्यार्थियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। पूरे मार्ग में वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में छात्रों युवाओं और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनेक वीरों ने अपना जीवन न्योछावर किया है। उनकी कुर्बानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग जल्द ही पूरे प्रदेश में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शिक्षा विभाग उत्तराखंड के हर स्कूल और समुदाय में नशा उन्मूलन के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने उत्तराखंड को नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए सभी से सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत तहसीलदार दीपक भंडारी खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत मुकेश बहुगुणा मुकेश काला प्रो.विनिता रावत प्रो.दीपा हटवाल प्रो.अनिल द्विवेदी डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी डॉ. बीपी नैथानी भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत गणेश भट्ट यशीश रावत अतुल उनियाल सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं छात्र-छात्राएं एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp