प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के समापन के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में 12 अगस्त से 18 अगस्त तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कांवड़ पटरी एवं यात्रा मार्ग नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों तथा हरिद्वार के प्रमुख गंगा घाटों पर जनभागीदारी के आधार पर संचालित किए जा रहे इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए जोनल एवं नोडल अधिकारियों को नामित किया है। जिलाधिकारी ने नामित सभी जोनल एवं नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसहभागिता के साथ स्वच्छता अभियान संचालित कराना सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान कांवड़ मेला क्षेत्र यात्रा मार्ग गंगा घाटों नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद मेला क्षेत्र एवं यात्रा मार्गों के साथ ही गंगा घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें और जनसहभागिता को अधिक से अधिक बढ़ावा दें। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सफाई कार्य की प्रतिदिन की सूचना निर्धारित प्रारूप में स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा स्वच्छता कार्यों की प्रगति की लगातार जानकारी लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कांवड़ मेला क्षेत्र यात्रा मार्ग गंगा घाटों तथा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है। उन्होंने सभी नामित अधिकारियों से आपसी समन्वय एवं जनसहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
