Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल समापन के बाद मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निगम नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर घाटों सार्वजनिक स्थलों मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने आमजन स्वयंसेवी संगठनों जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों से अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने के बाद अब जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विष्णु घाट हरिद्वार में आईटीसी मिशन सुनहरा कल श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त प्रयास से गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनभागीदारी से घाटों से कूड़ा-कचरा एकत्र करने के साथ ही घाटों की धुलाई एवं सफाई की गई। श्रद्धालुओं कांवड़ यात्रियों एवं दुकानदारों को प्लास्टिक एवं कूड़ा गंगा में न डालने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया। जनभागीदारी से चलाए गए अभियान के दौरान कुल 92 गार्बेज बैग कूड़ा एकत्र किया गया। एकत्रित कूड़े को वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया। पंत दीप पूर्वी घाट पर भी चला सफाई अभियान इसी क्रम में बाबा बंसी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति शिवनगर भूपतवाला के कार्यकर्ताओं द्वारा पंत दीप पूर्वी घाट पर भी सफाई अभियान चलाया गया। आश्रम समिति की ओर से बताया गया कि घाट पर प्रतिदिन सफाई का कार्य समिति द्वारा किया जाता है। कांवड़ मेले के दौरान एवं मेले के समापन के बाद भी घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में समिति लगातार सहयोग कर रही है। विभिन्न संगठनों ने भी लिया स्वच्छता अभियान में हिस्सा। जनपद में चलाए जा रहे वृहद स्वच्छता अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया जा रहा है। नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सोनिया द्वारा भी रोड़ीबेलवाला स्थित गंगा घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। संगठन के सदस्यों ने सफाई अभियान में सहयोग करने के साथ ही आमजन को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया। जनपद के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में निकायों के साथ-साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता की जा रही है। इन अभियानों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों मार्गों घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हरिद्वार प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने में प्रशासन पुलिस विभिन्न विभागों स्वयंसेवी संगठनों जनप्रतिनिधियों व्यापार मंडलों एवं आमजन द्वारा किए गए सहयोग के बाद अब स्वच्छता अभियान को भी जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप दिया जा रहा है। जनभागीदारी से संचालित इस वृहद स्वच्छता अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों एवं नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ ही आमजन में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को मजबूत करना है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों जनप्रतिनिधियों तथा व्यापार मंडलों से स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ स्वच्छता को भी अपनी जिम्मेदारी बनाना जरूरी है। माँ गंगा की स्वच्छता ही सच्ची आस्था है और स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *