Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के लिए की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में कार्यक्रम निर्धारण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा। इसके बाद ध्वजारोहण और ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 9:30 बजे जिला कार्यालय परिसर में मुख्य अतिथि एवं जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में खेलकूद विचार गोष्ठी वाद-विवाद निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के आयोजन की कार्रवाई मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। जिलाधिकारी ने 14 अगस्त की रात्रि से सभी सरकारी भवनों एवं इमारतों को प्रकाशमान किए जाने के निर्देश दिए। इसके लिए कम वोल्टेज वाले एलईडी बल्बों का उपयोग किया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशप्रेम एवं देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। इसकी व्यवस्था जिला सूचना अधिकारी द्वारा की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने जनपद के विभिन्न स्मारकों प्रतिमाओं एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को दिए। जनपद में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद जनपद में फैले कूड़े-कचरे की सफाई के लिए 12 अगस्त से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करने को कहा। उन्होंने आमजन स्वयंसेवी संगठनों जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाया जाए ताकि कांवड़ मेले के बाद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 15 अगस्त के दिन सभी कार्यालयाध्यक्ष पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अपने कार्यालय परिसरों एवं परिसंपत्तियों में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता परियोजना निदेशक नलिनीति घिल्डियाल सीओ सदर एसपी बलूनी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *