प्रदीप कुमार
रुड़की/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026’ के तहत जनपद को नशा मुक्त करने के लिए हरिद्वार पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने एक आरोपित को 1 किलो 278 ग्राम अवैध गांजा और गांजा बेचकर कमाए गए 11 हजार रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने 12 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए सारिक पुत्र शाहिद निवासी बागोवाली जमीयत कॉलोनी सिसौना रोड मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपित के कब्जे से 1 किलो 278 ग्राम अवैध गांजा तथा गांजा बेचकर कमाए गए 11 हजार रुपये बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध कोतवाली रुड़की में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपित के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार तथा कांस्टेबल सुरेश तोमर शामिल रहे।
