प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शासन के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में गुरुवार को पांचवें दिन हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में ग्रामीणों जनप्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया तथा आमजन को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत राज अधिकारी मुस्तफा खां ने अवगत कराया कि गुरुवार को ग्राम पंचायत सलारी ब्लॉक नारसन तथा ग्राम पंचायत खटका एवं ग्राम पंचायत दुधाला डाला वाला ब्लॉक बहादराबाद में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनप्रतिनिधियों ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के साथ ही अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक घर तक देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सभी के लिए गौरव का अवसर है और इस अवसर पर प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए तथा तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। रैली में प्रतिभाग करने वाले लोगों ने भारत माता की जय वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का संदेश भी दिया गया।
