प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल आयोजन में बहादराबाद क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विशेष पुलिस अधिकारियों एसपीओ के सम्मान में कोतवाली बहादराबाद में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांवड़ मेले के दौरान कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ ड्यूटी करने वाले एसपीओ को सम्मानित किया गया। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आयोजित सम्मान समारोह में एसपी यातायात/अपराध निशा यादव ने ड्यूटी करने वाले एसपीओ को सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने एसपीओ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस बल के साथ विशेष पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। कांवड़ मेले के दौरान सभी एसपीओ ने भीड़ प्रबंधन यातायात व्यवस्था एवं शिवभक्तों की सहायता में सराहनीय योगदान दिया। उनके सेवाभाव कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोग से मेला व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिली। सम्मान समारोह के उपरांत ड्यूटी पर तैनात सभी एसपीओ के लिए रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एसपीओ के साथ भोजन कर उनके सेवाभाव एवं सहयोग के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
