Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी ने यात्रा मार्ग पर स्थित चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाटा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से कहा कि सितंबर माह में श्री केदारनाथ धाम के यात्रियों की संख्या एक बार फिर बढ़ जाती है, लिहाजा चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवा की कमी की स्थिति में समय पर मांग प्रस्तुत कर दवा की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने चिकित्सालय में साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालयों में कोल्ड चेन प्वाइंट का निरीक्षण किया। उन्होंने एएनएम को क्षेत्र में बच्चों का पूर्ण प्रतिरक्षण सुरक्षित करवाने क्षेत्र की सभी महिलाओं की समय पर प्रसवपूर्व जांच करने तथा सभी का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून के मद्देनजर नजदीकी संभावित प्रसव वाली सभी गर्भवती महिलाओं की निरंतर ट्रैकिंग करने उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने तथा संस्थागत प्रसव की तैयारियों के बारे में जागरूक करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *