Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को नई टिहरी में भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली डाइजर से शुरू होकर हनुमान चौक होते हुए साईं चौक बौराड़ी तक निकाली गई। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देशभक्ति के नारों से गूंजते वातावरण में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली को डाइजर से नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत एवं उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि देश की आन बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता अखंडता एवं गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की। रैली में जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया तहसीलदार धीरज राणा व्यायाम प्रशिक्षक ममता भट्ट भाजपा नेता जयेन्द्र पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *