Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति और जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों शिक्षकों अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारी उत्साह के साथ सहभागिता की। बाइक रैली का शुभारंभ बिड़ला परिसर से हुआ। हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओपी गुसाईं ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक विशेषकर युवाओं के हृदय में राष्ट्रप्रेम अखंडता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति चेतना जगाने का एक सशक्त माध्यम है। जब युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकलते हैं तो यह समाज को एकजुटता और राष्ट्र निर्माण का शक्तिशाली संदेश देता है। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद रखते हुए तिरंगे की आन बान और शान की रक्षा तथा देश की प्रगति के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना चाहिए। वहीं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओपी गुसाईं ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता अखंडता और स्वाभिमान का अमर प्रतीक है। यह पवित्र ध्वज सभी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होने और देश के सतत विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की निरंतर प्रेरणा देता है। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे और देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिभागियों का जत्था बिड़ला परिसर से निकलकर मुख्य बाजार एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए चौरास परिसर पहुंचा और पुनः बिड़ला परिसर लौटकर रैली संपन्न हुई। इस अवसर पर रैली में डॉ.गांधी चौहान एनसीसी अधिकारी डॉ.सुरेंद्र कुंवर एनएसएस विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ.राकेश नेगी निदेशक स्पोर्ट्स प्रोफेसर जेपी मेहता डॉ.मोहित बिष्ट डॉ.गुरदीप शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-कर्मचारी सुदीप मनोज लाइब्रेरियन डॉ.हर सिंह बिष्ट विश्वविद्यालय के संपत्ति अधिकारी हिमांशु नेगी सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी तथा छात्र संघ उपाध्यक्ष शशांक नौटियाल अखिल राणा सहित विभिन्न छात्र प्रतिनिधि शिक्षक कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp