Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के मायापुर पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम लगभग 7:05 बजे मलबा एवं पानी भरने की सूचना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार टनल में कार्य कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसने की सूचना मिली है। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही खोज एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। अब तक 13 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है जबकि शेष लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पुलिस एसडीआरएफ एनडीआरएफ आईटीबीपी सेना एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं। वहीं डीआईआरएफ स्थानीय पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवानों द्वारा भी मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव कार्यों को पूरी तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है और राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं और स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *