Spread the love

प्रदीप कुमार
जवाड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सरस्वती शिशु मंदिर जवाड़ी में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साइकिलिंग में विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने वाली प्रीति नेगी रहीं। उनके आगमन से विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भारत माता की जय, महात्मा गांधी जिंदाबाद और स्वतंत्रता सेनानी अमर रहें जैसे नारों से पूरा माहौल देशप्रेम से भर गया। मुख्य अतिथि प्रीति नेगी ने संबोधन में कहा कि आजादी हमें वीर शहीदों के बलिदान से मिली है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं और जन समुदाय से आह्वान किया कि वे अनुशासन मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। प्रीति नेगी ने कहा कि खेल के साथ-साथ शिक्षा और संस्कार भी जरूरी हैं तभी युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान पिंकी देवी ने मुख्य अतिथि को रामचरित मानस की पुस्तक तथा गढ़वाल रेजीमेंट गबर सिंह स्मृति चिह्न भेंट किया और उनके समाज में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 20 लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए पूर्व सैनिकों की वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच सामान्य ज्ञान की रोचक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर अभिभावक भी गदगद हो गए। कार्यक्रम के संयोजक एवं समाजसेवी तथा शौर्य मिशन से सम्मानित उत्तम सिंह कप्रवान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई। राष्ट्रीय भावना देशप्रेम माता-पिता और बड़ों का आदर तथा अनुशासन से ही हम समाज में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इस अवसर पर सेवा मेडल से सम्मानित सेवानिवृत्त सूबेदार सलोप सिंह प्रकाश कप्रवान दर्शन सिंह कप्रवान पिंकी देवी सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के प्रधानाचार्य गंभीर लाल शिक्षकगण छात्र-छात्राएं डॉ.शिवानी एएनएम विनीता रावत आशा कार्यकत्री सुषमा देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों अभिभावकों और ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *