प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय गोला पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर निगम श्रीनगर की ओर से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने सामाजिक संस्था भागीरथी कला संगम द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल एवं पूरी टीम को स्वच्छता प्रहरी सम्मान से सम्मानित किया। भागीरथी कला संगम की ओर से प्रत्येक रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। संस्था के सदस्य नियमित रूप से स्वच्छता कार्यों में योगदान देने के साथ ही लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करते हैं। संस्था के इन प्रयासों को देखते हुए नगर निगम की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने नगर निगम की महापौर आरती भंडारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापौर स्वयं भी समय-समय पर नगर निगम के कर्मचारियों के साथ निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर स्वच्छता कार्यों में अपना योगदान देती हैं और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी इसमें अपना योगदान देना चाहिए। लोगों को अपने घरों और आसपास से निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए बल्कि उसे कूड़ेदान अथवा नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही डालना चाहिए। राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हमारा देश प्रदेश और श्रीनगर शहर स्वच्छ रह सकता है। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए तो पर्यावरण को बचाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिले इस सम्मान से भागीरथी कला संगम के सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा। संस्था ने भविष्य में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
