Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी ने श्रीनगर नगर निगम में संगठनात्मक रूप से मजबूती हासिल की है। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत जिला प्रभारी नलिन भट्ट एवं मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल की उपस्थिति में श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी तथा लखपत सिंह भंडारी सहित विभिन्न वार्डों के कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा परिवार में शामिल होने वालों में कांग्रेस से अनुराग चौहान एवं राजकुमार तथा निर्दलीय पार्षद अंजिनी भंडारी मीना देवी भावना चौहान प्रवेश चमोली विजय कुमार चमोली आशीष नेगी नरेंद्र सिंह रावत एवं धर्म सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे। इनके भाजपा में शामिल होने से श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में पार्टी का संगठनात्मक आधार और अधिक मजबूत हुआ है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, श्रीनगर क्षेत्र के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत पौड़ी जिला प्रभारी नलिन भट्ट तथा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने नवागत सदस्यों का भाजपा परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन किया। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी जनप्रतिनिधियों का पार्टी परिवार में स्वागत है। उन्होंने कहा कि सभी के जुड़ने से संगठन निश्चित रूप से और अधिक मजबूत एवं सशक्त होगा। उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा उत्तराखंड के विकास को गति देने के लिए सभी कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें। डॉ.रावत ने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। इस अवसर पर श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी एवं लखपत सिंह भंडारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी की नीतियों और विकास के संकल्प के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस एवं निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तेजी से हो रहे विकास के प्रति जनता एवं जनप्रतिनिधियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। श्रीनगर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से आगामी समय में नगर क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और गति मिलने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *