Spread the love

प्रदीप कुमार
कालागढ़-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना कालागढ़ क्षेत्र में पशु चोरी की घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2026 को विरेन्द्र सिंह और रमेश चन्द्र निवासी रेहड़ जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश अपने दो अन्य साथियों के साथ कालागढ़ स्थित हाईडिल कॉलोनी क्षेत्र से एक गाय चोरी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान गाय के स्वामी को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा किए जाने के दौरान हाईडिल कॉलोनी के बाहर गाय के स्वामी ने दोनों आरोपियों को चोरी की गई गाय सहित पकड़ लिया जबकि उनके साथ मौजूद अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना कालागढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरेन्द्र सिंह पुत्र शिवचरण सिंह उम्र 46 वर्ष निवासी कल्लुवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश तथा रमेश चन्द्र पुत्र हीरा राम उम्र 36 वर्ष निवासी फतेहपुर थाना रेहड़ जिला बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वादी की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। घटना में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पशु चोरी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को मौके से गिरफ्तार करने में थाना कालागढ़ पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष संजीव ममंगाई अपर उपनिरीक्षक जसवंत सिंह अपर उपनिरीक्षक तोरण सिंह अपर उपनिरीक्षक कल्लूराम हेड कांस्टेबल 217 नापुड़ राजेंद्र कुमार हेड कांस्टेबल 84 नापुड़ सुशील कुमार कांस्टेबल 31 नापुड़ भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल 284 नापुड़ आदित्य वर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *