Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि विवादित किशोर को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की फिराक में थे। जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2026 को शिवम कुमार पुत्र रोहिताश सिंह निवासी हाफिजाबाद शेरकोट जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी व्हाइट हाउस महादेवपुरम ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद 22 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा पुलिस टीम के साथ दवा चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर पीछे भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त मोटरसाइकिल को दोनों ने कुछ दिन पहले व्हाइट हाउस महादेवपुरम से मिलकर चोरी किया था और वे इसे बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से मोटरसाइकिल संख्या यूपी-20-बीवी-2034 बरामद की। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पकड़े गए आरोपी और विधि विवादित किशोर को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज यादव पुत्र रमेश यादव निवासी ग्राम लालपुर थाना जलालपुर जिला जौनपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी व्हाइट हाउस महादेवपुरम सिडकुल जनपद हरिद्वार उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान विधि विवादित किशोर के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा और कांस्टेबल हरिराज शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *