प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की पहल पर ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई और संपर्क मार्गों की नियमित सफाई के लिए आपदा मद से ग्राम पंचायतों को बुश कटर मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रथम चरण में कई ग्राम पंचायतों को मशीनें वितरित की गई हैं। मशीनें मिलने के बाद ग्रामीण गांवों के आसपास उगी झाड़ियों के साथ-साथ संपर्क मार्गों के किनारे की झाड़ियों की भी आसानी से कटाई कर रहे हैं। इससे गांवों में साफ-सफाई बेहतर होने के साथ ही ग्रामीणों का आवागमन भी सुगम हो रहा है। बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियां तेजी से बढ़ जाती हैं। इसके चलते गांवों पैदल रास्तों और संपर्क मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने लगता है। झाड़ियों की कटाई में अधिक समय और श्रम लगने के कारण कई बार नियमित सफाई नहीं हो पाती थी। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन की पहल पर आपदा मद से ग्राम पंचायतों को बुश कटर मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन मशीनों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर झाड़ियों की नियमित कटाई संपर्क मार्गों की सफाई और आवागमन को सुगम बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। ग्राम सभा बिचली ढांडरी में ग्रामीणों ने बुश कटर मशीन के माध्यम से गांव के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई की। इसके साथ ही गांव से जुड़े संपर्क मार्गों के दोनों ओर उगी झाड़ियों को भी साफ किया गया। इससे रास्तों पर लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मशीन की मदद से झाड़ियों की नियमित कटाई करना आसान हुआ है और रास्ते भी साफ-सुथरे बने रहेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि झाड़ियों की नियमित कटाई से गांव और संपर्क मार्गों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही झाड़ियों के बीच जंगली जानवरों के छिपे होने की संभावनाएं भी कम होंगी जिससे ग्रामीणों को सुरक्षा की दृष्टि से भी राहत मिलेगी। ग्राम प्रधान बिचली ढांडरी अर्चना रौथाण ने बताया कि बुश कटर मशीन से झाड़ी कटान का कार्य पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गया है। इससे ग्रामीणों के समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव के आसपास झाड़ियों की कटाई के साथ ही संपर्क मार्गों के किनारे भी नियमित रूप से झाड़ी कटान कराया जा रहा है। ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रामीण दिनेश खत्री ने बुश कटर मशीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मशीन मिलने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है। गांव के आसपास उगी झाड़ियों की समय-समय पर कटाई होने से क्षेत्र स्वच्छ रहेगा और झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपे होने का खतरा भी कम होगा। जिला प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर ही झाड़ियों की कटाई और संपर्क मार्गों की सफाई की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने के साथ गांवों की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।
