Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ रहा है। एसआईआर का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो इसके लिए बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है और आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। एसआईआर के प्रथम चरण में टेबल टॉक के माध्यम से वर्ष 2003 से 2025 तक के मतदाता विवरण का मिलान किया गया। दूसरे चरण में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए गए। वहीं तीसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अथवा विवरण में विसंगतियां पाई गईं उनके निराकरण के लिए नोटिस जारी किए गए। बीएलओ ललिता रावत ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं बीएलओ रिंकी रावत ने बताया कि एसआईआर का कार्य शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। जिन मतदाताओं के दस्तावेज अपूर्ण पाए गए हैं उनके दस्तावेज पूरे करवाए जा रहे हैं ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा एसआईआर कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में जिन मतदाताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए थे उन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने का दूसरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित कार्यों को पूरा कर रहे हैं। इसके साथ ही नो-मैपिंग वाले मामलों की भी समीक्षा की जा रही है ताकि ऐसे मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एसआईआर प्रपत्रों का निस्तारण निर्धारित प्रारूप आवश्यक सत्यापन और पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में केवल प्रपत्रों के निस्तारण की संख्या बढ़ाने पर ही ध्यान न दिया जाए बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की शुद्धता और प्रक्रिया के सही अनुपालन को भी प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो इसके लिए पूरी प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जा रहा है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर से संबंधित सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित पारदर्शी और प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *