प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चन्द्रप्रकाश नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय चिकित्सा औषधि भंडार नई टिहरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औषधियों के सुरक्षित भंडारण अभिलेखों के रखरखाव कोल्ड स्टोरेज तथा भंडार की स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में औषधियों का भंडारण मेटल रैक एवं पैलेट्स पर उचित तरीके से किया हुआ पाया गया। मन:प्रभावी औषधियां ताले और चाबी की सुरक्षित व्यवस्था में रखी मिलीं। भंडार में लगे सीसीटीवी कैमरे कार्यशील अवस्था में पाए गए तथा संबंधित अभिलेख एवं पत्रावलियां भी व्यवस्थित और सुरक्षित मिलीं। कोल्ड स्टोरेज की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई। भंडार में स्थापित रेफ्रिजरेटर कार्यशील अवस्था में मिले। निरीक्षण के दौरान इंसुलिन टीटी वैक्सीन रेबीज वैक्सीन ऑक्सीटोसिन प्रयोगशाला अभिकर्मक एवं हीमोफीलिया फैक्टर आदि को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा हुआ पाया गया। भंडार की वेंटिलेशन एवं स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। निरीक्षण के दौरान भंडार से आठ औषधियों के नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए नियमानुसार एकत्र किए गए। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। परीक्षण परिणाम प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को औषधियों के सुरक्षित भंडारण अभिलेखों के उचित रखरखाव तथा औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
