Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के नेतृत्व में सोमवार को जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की पाक्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा अतिक्रमण पार्किंग व्यवस्था यातायात प्रबंधन और सड़क किनारे कूड़ा निस्तारण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग सीमा सड़क संगठन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिले में चिह्नित अतिक्रमण की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सूची में अब तक हटाए गए अतिक्रमण और लंबित अतिक्रमण का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही लंबित अतिक्रमणों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की कार्रवाई तेज करने तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी नगर पालिका क्षेत्रों में नो-पार्किंग के स्पष्ट और पर्याप्त संख्या में बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जहां पार्किंग के प्रमुख स्थान चिह्नित हैं वहां पार्किंग संबंधी सूचना बोर्ड और आवश्यक संकेतक लगाने को भी कहा ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पार्किंग व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी ने कनातल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण अनियमित पार्किंग तथा कूड़ा निस्तारण की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन बिंदुओं पर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग भी दुर्घटनाओं तथा यातायात अव्यवस्था का प्रमुख कारण बन सकते हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सभी उपजिलाधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार अधिशासी अभियंता राजबीर चौहान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा अधिशासी अधिकारी टिहरी वासुदेव डंगवाल सहित संबंधित अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *