प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति एवं पात्र परिवारों के चयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत किए गए सर्वेक्षण पात्रता सूची तथा सर्वेक्षण से छूटे पात्र परिवारों के सत्यापन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने बताया कि जनपद के सभी नौ विकासखंडों पोखरी जोशीमठ दशोली नन्दानगर कर्णप्रयाग नारायणबगड़ थराली देवाल एवं गैरसैंण की कुल 609 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है। सर्वेक्षण में कुल 14,618 परिवारों को शामिल किया गया। इनमें पात्रता सूची के आधार पर 11,492 परिवार पात्र पाए गए जबकि 3,126 परिवार अपात्र पाए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। उन्होंने पात्रता से संबंधित सभी प्रकरणों का नियमानुसार गंभीरता से सत्यापन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परियोजना निदेशक को वन भूमि में निवासरत परिवारों की पात्रता एवं योजना के लाभ से संबंधित स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यकतानुसार शासन से मार्गदर्शन प्राप्त करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी ब्लॉक प्रमुखों से एक-एक कर उनके विकासखंडों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र परिवारों के चयन में आ रही समस्याओं और ब्लॉक प्रमुखों के सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार सर्वेक्षण अथवा सत्यापन की प्रक्रिया से छूटने न पाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों की ओर से पात्र परिवारों से संबंधित प्राप्त होने वाले पत्रों अथवा अन्य प्रकरणों को संबंधित खंड विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। खंड विकास अधिकारी ऐसे सभी प्रकरणों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्रता सूची को समय-समय पर अद्यतन रखने तथा योजना का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी परियोजना निदेशक आनंद सिंह, सभी ब्लॉक प्रमुख उपजिलाधिकारी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
